सत्यापन कार्य में नियुक्त कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार ठीक नहीं

उज्जैन, महापौर श्रीमती मीना विजय जोनवाल ने कलेक्टर श्री शशांक मिश्र से मुलाकात कर गत दिनों निगम कर्मचारियों के साथ हुई अभद्रता के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने की मांग की।


महापौर ने कहा कि मुझे ज्ञात हुआ है कि नगर पालिक निगम उज्जैन के अधिकांश कर्मचारियों की ड्युटी जिला प्रशासन द्वारा बी.पी.एल. सत्यापन कार्य में लगाई गई है। सत्यापन कार्य में नियुक्त कर्मचारियों द्वारा सत्यापन करते समय संबंधित भवन स्वामियों से वांछित दस्तावेज एवं जानकारी मांगे जाने पर उन्हें जानकारी नही दी जा रही है, साथ ही उनके साथ अभद्रता भी की जा रही है, जिससे अन्य कर्मचारियों मे भय का वातावरण है।


कर्मचारियों के साथ भविष्य मे कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो इसे दृष्टिगत रखते हुये उचित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
    कलेक्टर श्री शशांक मिश्र ने आश्वत करते हुए कहा कि हमारे कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार ठीक नहीं है। इस सम्बंध में शीघ्र ही उचित कार्यवाही की जाएगी।