महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर संकट और गहरा गया है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने से मना कर दिया है। देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा नेताओं के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर इस बात की जानकारी दी। राज्यपाल से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हम राज्य में सरकार नहीं बनाएंगे।
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यपाल से मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में सरकार नहीं बना सकती है। उन्होंने कहा कि हमें (भाजपा-शिवसेना) एक साथ काम करने के लिए जनादेश मिला था। अगर शिवसेना इसका अनादर करना चाहती है और कांग्रेस-एनसीपी के साथ सरकार बनाना चाहती है, तो हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।
दूसरी तरफ शिवसेना अपने फैसले से पीछे हटने को मंजूर नहीं है। शिवसेना नेता संजय राउत ने एक बार फिर दोहराया कि उद्धव ठाकरे जी ने आज साफ-साफ कहा है कि मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा। अगर उद्धव जी ने ऐसा कहा है तो किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा।
शनिवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देवेंद्र फड़नवीस को सरकार बनाने का निमंत्रण भेजा था। जिसके बाद रविवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक के बाद देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा नेताओं के साथ राज्यपाल से मिलने पहुचे। उन्होंने राज्यपाल को बताया की भाजपा महाराष्ट्र में अकेले सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद से ही भाजपा और शिवसेना में तकरार शुरू हो गई थी। चुनाव में भाजपा को 105 और शिवसेना को 56 सीटें मिली। नतीजों के बाद से ही शिवसेना लगातार सीएम पद को लेकर 50-50 के फॉर्मूले पर अड़ी हुई है।